बिलासपुर। आम आदमी पार्टी ने अपने 14वें स्थापना दिवस और संविधान दिवस के अवसर पर बिलासपुर में शक्ति और एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ रैली में हिस्सा लिया और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचकर माल्यार्पण किया। इस दौरान बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए भारतीय संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। स्थापना दिवस को जनभागीदारी और जनसंपर्क से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों के बीच मिठाई एवं फलों का वितरण किया और लोगों को संविधान दिवस तथा पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में पार्टी नेता जसबीर सिंह चावला ने कहा कि 26 नवंबर 2012 को राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की स्थापना एक स्पष्ट विचारधारा और जनसेवा के संकल्प के साथ हुई थी। पार्टी का उद्देश्य राजनीति को केवल सत्ता हासिल करने का जरिया बनाने के बजाय आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक और ठोस बदलाव लाना रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने इसी मूल विचार के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश प्रवक्ता एवं अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में पार्टी ने कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार, मोहल्ला क्लीनिक और मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं आम जनता को राहत देने की सोच का हिस्सा हैं। इसी दिशा में पंजाब में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है।

जिला प्रभारी खगेश चंद्राकर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के 14 वर्षों का सफर आम नागरिक की उम्मीदों, जनभागीदारी और बेहतर भारत के निर्माण के संकल्प से जुड़ा है। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की राह दिखाते हैं। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में पूर्व संगठन महामंत्री जसबीर सिंह चावला, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका शुक्ला, जिला प्रभारी खगेश चंद्राकर, विधानसभा प्रभारी परदेसी रात्रे, बलदेव सोनी, संजय गढ़ेवाल, मुंगेली जिले के लोरमी प्रभारी मुकत्तावन, रितेश मिश्रा, चंद्रा साहू, संजय श्रीवास, रवि यादव, मनोज जांगड़े, ईश्वर साहू, मनबोध कौशिक, रुपेश बंजारे, चिंता देवी, नीतू मिश्रा, परदेसी यादव, कुणाल खांडे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

