11.46 करोड़ से संवरेंगे 9 गांव.. NTPC सीपत के 40 विकास कार्यों की सौगात, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन..

बिलासपुर। परियोजना प्रभावित गांवों में विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में एनटीपीसी सीपत ने बड़ी पहल की है। नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत 11 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई है। शनिवार को ग्राम पंचायत सीपत में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने इन विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान 5 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 28 विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया, वहीं 6 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित 12 नए कार्यों का भूमिपूजन हुआ।

एनटीपीसी की इस पहल का लाभ परियोजना प्रभावित क्षेत्र की नौ ग्राम पंचायतों सीपत, जांजी, कर्रा, कौड़िया, रलिया, देवरी, रांक, गतौरा और लुतरा को मिलेगा। इन कार्यों के माध्यम से गांवों में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार, तालाबों का जीर्णोद्धार तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि एनटीपीसी सीपत द्वारा सीएसआर के माध्यम से परियोजना प्रभावित गांवों में किए जा रहे विकास कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में एनटीपीसी के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही देश का विकास है और ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने एनटीपीसी के प्रयासों की सराहना करते हुए कौशल विकास और सामाजिक विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। वहीं एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने सीएसआर के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अरुणा सूर्या एवं राजेन्द्र धीवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती देवी, जनपद पंचायत सदस्य मनोज खरे, उषा देवी कैवर्त, रेवाशंकर साहू, मंजु देवी कुर्रे, अंजनी पटेल सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles