दो साल तक फाइल पर कुंडली मारकर बैठा रहा वन विभाग.. अब बोला- आवेदन ऑनलाइन नहीं, यादव समाज ने खोला मोर्चा..

बिलासपुर। सरकारी दफ्तरों में आम लोगों की शिकायतों और आवेदनों पर कार्रवाई की रफ्तार किस कदर सुस्त है, इसका एक मामला बिलासपुर में सामने आया है। यादव समाज की मांगों से जुड़े ज्ञापन पर करीब 23 महीने तक वन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और अब जवाब में आवेदन ऑनलाइन अपलोड नहीं होने का हवाला दे दिया। विभाग के इस जवाब ने उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारतीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव ने 18 दिसंबर 2024 को कलेक्टर बिलासपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर वन क्षेत्र में वर्षों से निवासरत यादव परिवारों को स्थायी पट्टा देने और पशुपालन, पशु चरवाही तथा दुग्ध व्यवसाय से आजीविका चलाने वाले परिवारों को आवश्यक साधन-सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी। कलेक्टर कार्यालय ने ज्ञापन को उचित कार्रवाई के लिए वन विभाग को अग्रेषित कर दिया था। समाज के पदाधिकारी लंबे समय से मांगों पर निर्णय होने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन उनकी प्रतीक्षा का जवाब कार्रवाई के रूप में नहीं, बल्कि तकनीकी कारण बताकर दिया गया।

23 महीने बाद आया जवाब, ऑनलाइन अपलोड नहीं होने का दिया तर्क..

करीब 23 महीने बाद 27 नवंबर 2026 को वन मंडलाधिकारी (DFO), बिलासपुर के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया कि शिकायतकर्ता का आवेदन ऑनलाइन अपलोड नहीं होने के कारण उस पर कार्रवाई संभव नहीं है। इस जवाब के बाद यादव समाज ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि आवेदन ऑनलाइन दर्ज नहीं था, तो विभाग को ज्ञापन प्राप्त होते ही इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। इसके लिए लगभग दो साल तक इंतजार कराने का औचित्य क्या है? उनका यह भी कहना है कि ऑफलाइन प्राप्त आवेदन को ऑनलाइन दर्ज करना और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करना विभागीय जिम्मेदारी है। केवल ऑनलाइन अपलोड नहीं होने का हवाला देकर मांगों पर कार्रवाई से बचना उचित नहीं है। समाज ने इसे विभागीय लापरवाही बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग उठाई है।

कलेक्टर, CCF और वन मंत्री से कार्रवाई की मांग..

वन विभाग के जवाब से नाराज यादव समाज ने अब कलेक्टर बिलासपुर, मुख्य वन संरक्षक (CCF) और प्रदेश के वन मंत्री को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। समाज ने करीब 23 महीने तक आवेदन लंबित रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही मूल ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर नियमानुसार विचार कर उचित निर्णय लेने की अपील की है। अब देखना होगा कि उच्चाधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और यादव समाज की मांगों पर कार्रवाई के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles