बालाजी गैस एजेंसी में प्रशासन का छापा, रिकॉर्ड से 412 सिलेंडर कम, पूरा स्टॉक जब्त। पढ़िये पूरी खबर..

कलेक्टर के निर्देश पर अचानक पहुंची टीम, ऑनलाइन स्टॉक और गोदाम के आंकड़ों में सामने आया बड़ा अंतर।

बुकिंग के बाद सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायतों पर जांच, उपभोक्ताओं के बयान भी दर्ज, 7 दिन में आएगी रिपोर्ट।

बिलासपुर। बालाजी गैस एजेंसी के खिलाफ मिल रही लगातार शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य विभाग और आईओसीएल की संयुक्त टीम ने मगरपारा स्थित एजेंसी कार्यालय और महाराणा चौक स्थित गैस गोदाम में औचक जांच की। जांच के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें 412 भरे गैस सिलेंडरों का अंतर सामने आया।

ऑनलाइन रिकॉर्ड के मुताबिक एजेंसी के पास 864 भरे सिलेंडर होने चाहिए थे, लेकिन मौके पर जांच करने पर केवल 452 भरे सिलेंडर मिले। इस तरह रिकॉर्ड की तुलना में 412 भरे सिलेंडर कम पाए गए। वहीं ऑनलाइन रिकॉर्ड में 473 खाली सिलेंडर दर्ज थे, जबकि मौके पर 487 खाली सिलेंडर मिले। यानी खाली सिलेंडरों की संख्या रिकॉर्ड से 14 अधिक थी।

939 सिलेंडर मौके से जब्त..

स्टॉक में बड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद जांच टीम ने मौके पर मौजूद 452 भरे और 487 खाली, कुल 939 गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया। इसके साथ ही एजेंसी के स्टॉक से जुड़े दस्तावेज और अन्य अभिलेखों की भी जांच की गई।

उपभोक्ताओं से पूछताछ में सामने आईं शिकायतें..

जांच के दौरान मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी गैस एजेंसी की सेवाओं को लेकर जानकारी ली गई और उनके बयान दर्ज किए गए। टीम को एजेंसी के खिलाफ बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने और ऑनलाइन डिलीवरी दर्ज होने के बावजूद वास्तविक रूप से सिलेंडर नहीं मिलने जैसी शिकायतों की जानकारी मिली। कॉल सेंटर और सीएम हेल्पलाइन 1076 में भी एजेंसी के खिलाफ शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है।

कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम अब एजेंसी के दस्तावेजों, स्टॉक और उपभोक्ताओं की शिकायतों की विस्तृत जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद सात दिनों के भीतर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles