बिलासपुर। स्कूल परिसर में ड्यूटी के दौरान शिक्षक के कथित नशे में रहने और अमर्यादित आचरण के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कोटा विकासखंड के अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला बेहरामुड़ा में सहायक शिक्षक छतरपाल सिंह राज के खिलाफ मिली शिकायतों और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंध समिति को तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्रवाई की रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर जिला शिक्षा कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी के पत्र के मुताबिक, 3 अक्टूबर को स्कूल समय के दौरान शिक्षक के नशे की हालत में विद्यालय परिसर में रहने और आपत्तिजनक एवं अमर्यादित व्यवहार करने की शिकायत सामने आई थी। मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आई रिपोर्ट और वायरल वीडियो का भी पत्र में उल्लेख किया गया है। विभाग ने इसे शिक्षक की गरिमा और विद्यालय की मर्यादा के विपरीत मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मामले में शासकीय हाईस्कूल बेहरामुड़ा के प्राचार्य और संकुल शैक्षिक समन्वयक की रिपोर्ट का भी हवाला दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक पर प्रधानमंत्री के संबंध में आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। शिक्षा विभाग ने कहा है कि इस तरह का आचरण शिक्षक पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है और इससे विद्यालय की छवि भी प्रभावित होती है।
विद्यामंदिर प्राथमिक शाला का संचालन प्रबंध समिति के माध्यम से किया जाता है। ऐसे में जिला शिक्षा अधिकारी ने समिति के अध्यक्ष और सचिव को नियमानुसार शिक्षक के निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में कार्रवाई का प्रतिवेदन नहीं मिलने पर शिक्षक के वेतन भुगतान से संबंधित कार्रवाई रोकी जा सकती है, जिसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रबंध समिति की होगी।

