बिलासपुर। Eden Court में गैस मीटर की रीडिंग और बिल को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। Eden Court निवासी एवं Green Service में सुपरवाइजर रंजीत कुमार ने धीरज गुप्ता के खिलाफ जातिसूचक एवं अपमानजनक टिप्पणी, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाते हुए अजाक एवं सरकंडा थाने में शिकायत दी है। उन्होंने SC/ST Act के तहत कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, गैस मीटर की रीडिंग और बिल से संबंधित कार्यवाही को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।आरोप है कि इसी दौरान धीरज गुप्ता ने जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें झुटे केस में फंसाने, अंदर करा देने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने घटना से मानसिक पीड़ा और भय उत्पन्न होने की बात कही है।

रंजीत कुमार के अनुसार, Eden Court Society में गैस कनेक्शन और मीटर संबंधी कार्यों की निगरानी व समन्वय उनका जिम्मा है। इसी सिलसिले में उन्होंने संबंधित गैस मीटर की रीडिंग और बिल के मामले में आवश्यक कार्रवाई की थी। उन्होंने पुलिस से पूरे विवाद की निष्पक्ष जांच के लिए मीटर रीडिंग, बिल, भुगतान संबंधी रिकॉर्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने का बात कही है।
रंजीत कुमार ने जांच में पुलिस को पूरा सहयोग देने तथा अपने पास उपलब्ध आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत करने की बात भी कही है।
उन्होंने पुलिस से शिकायत में लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच करने और तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

