पुरी-सूरत एक्सप्रेस में 69 पैकेट मिले, 72.661 किलो गांजा बरामद, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे खेप।
‘ऑपरेशन नारकोस’ की बड़ी कार्रवाई, दोनों आरोपियों ने कबूली करीब 10 बार तस्करी की बात।
महाराष्ट्र/गोंदिया। ट्रेन को नशे की खेप पहुंचाने का जरिया बनाकर गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दबोच लिया है। RPF की Crime Intelligence Branch (CIB) ने पुरी-सूरत एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के चार ट्रॉली बैग से 72.661 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की कीमत 36.33 लाख रुपये बताई जा रही है।
दरअसल, 24 अगस्त को RPF क्राइम टीम को सूचना मिली थी कि ट्रेन के जरिए गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर टीम ने दरेंकसा-गोंदिया के बीच पुरी-सूरत एक्सप्रेस में निगरानी शुरू की। इस दौरान B-5 कोच में चार ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध नजर आ रहे एक महिला और पुरुष यात्री को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर चारों बैग से 69 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान टूकु नायक और ईश्वरी बेहरा उर्फ इशू, ओडिशा के रूप में हुई। पुलिसिया पूछताछ में दोनों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के कांटाभाजी से भुसावल, महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी।

जांच के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 10 बार गांजा तस्करी करने की बात भी बताई। रिकॉर्ड की जांच में ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर उनके खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
RPF ने दोनों आरोपियों को जब्त गांजे सहित GRP गोंदिया के हवाले कर दिया। GRP ने 25 अगस्त को NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

