RPF की जांच में कपड़ों की पोटलियों से मिला 7.77 लाख रुपए का गांजा, दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले।
ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत कार्रवाई, 2026 में अब तक 550 किलो से ज्यादा गांजा जब्त।
बिलासपुर। रेलवे के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बिलासपुर मंडल RPF की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत RPF की टास्क टीम ने निगौरा रेलवे स्टेशन पर दो आरोपियों को 15.540 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 7.77 लाख रुपए बताई गई है।
दरअसल, 24 अगस्त की रात करीब 1:15 बजे RPF टास्क टीम निगौरा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति टीम के निशाने पर आए। पूछताछ के बाद उनके पास मौजूद कपड़ों की पोटलियों की तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ। दोनों आरोपी भेष बदलकर गांजे का तस्करी कर रहे थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हंसा नाथ और मनता नाथ उर्फ लंबू जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है। तलाशी में हंसा नाथ के पास से 7.280 किलोग्राम और मनता नाथ के कब्जे से 8.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए RPF ने उन्हें जब्त गांजे के साथ जैतहरी पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। टीम अब गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और इसके स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
2026 में अब तक 3 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त..
आपको बता दें कि बिलासपुर मंडल RPF के मुताबिक नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साल 2026 में अब तक 550 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कीमत 3 करोड़ रुपए से ज्यादा है। रेल अधिकारियों के मुताबिक रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

