कांग्रेसी नेता की सुपारी का ‘मास्टरमाइंड’ गिरफ्तार, हमलावरों को दिए थे पैसे.. CCTV से खुला पूरा राज। पढ़िये पूरी खबर..

तारबाहर पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, पहले ही 2 आरोपी और एक नाबालिग हो चुके हैं गिरफ्तार।

बिलासपुर। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला कराने की साजिश के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तारबाहर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने कार्रवाई करते हुए तेलीपारा निवासी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नवीन पटेल ने श्याम कश्यप को जान से मारने के लिए हमलावरों को पैसे दिए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों और एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार कर चुकी है।

दरअसल, पूरा मामला 4 जुलाई 2026 की सुबह का है। शिशिर कश्यप ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 7 बजे वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके पिता का फोन आया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6.45 बजे वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे। तभी तीन अज्ञात युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचे। उनके हाथ में डंडे और नुकीली वस्तुएं थीं। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम बनाकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की गई। इसके बाद संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाकर उनसे पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले नितिन टेकाम और साहिल सोनकर को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। इनसे पूछताछ और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी नवीन पटेल तक पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, नवीन पटेल को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए उसने दीपक तिवारी को पैसे दिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है कि हमले की साजिश कैसे तैयार हुई, पैसों का लेन-देन किस तरह हुआ और इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles