करिल काटने जंगल गया था धरमजीत, गर्दन पर किया हमला,जोगीपुर जंगल से बरामद हुआ शव।
हादसे के बाद गांवों में दहशत, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट, ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की हिदायत।
बिलासपुर। अचानकमार टाइगर रिजर्व की एटीआर रेंज में शेरनी के हमले से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना तखतपुर क्षेत्र के जोगीपुर जंगल की बताई जा रही है। मृतक की पहचान ग्राम बांधा निवासी धरमजीत घृतलहरे के रूप में हुई है। युवक जंगल में करिल काटने और पीहरी लेने गया था, इसी दौरान उस पर हमला हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार धरमजीत जंगल क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में घटना हुई, वहां शेरनी अपने शावक के साथ मौजूद थी।
घटना की सूचना मिलते ही जुनापारा पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जंगल क्षेत्र से युवक का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए लोरमी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है। वन विभाग की टीम अब घटना वाले क्षेत्र में स्थिति पर नजर रख रही है।

