‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बिलासपुर में भाजपा की पदयात्रा, गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकले नेता और कार्यकर्ता।
बिलासपुर। लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की दुहाई देने वाली कांग्रेस पर भाजपा ने एक बार फिर तीखा हमला बोला है। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत शनिवार को बिलासपुर में निकाली गई पदयात्रा में नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात पहुंचाया, वही आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। कांग्रेस की राजनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत उस पर पूरी तरह सटीक बैठती है।
भाजपा की यह पदयात्रा गांधी चौक मिनी स्टेडियम से शुरू होकर नेहरू चौक तक पहुंची। इसमें केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के जरिए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की राजनीति के विरोध में प्रदर्शन किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया।
पदयात्रा के दौरान अमर अग्रवाल ने कहा कि आजादी के बाद देश में लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात कांग्रेस ने पहुंचाया। आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जब लोकतांत्रिक अधिकारों और व्यवस्थाओं को कुचल दिया गया था। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की सबसे बड़ी पैरोकार बनने का प्रयास कर रही है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस आज भी अपने राजनीतिक आचरण से लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
नक्सलवाद के खात्मे को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया..
अमर अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश के कई इलाके नक्सली हिंसा और भय के साये में जीने को मजबूर थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, स्पष्ट रणनीति तथा केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ अब सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके मंसूबों को समझ चुकी है। इसी राजनीतिक बौखलाहट में विपक्ष के कई दल एकजुट होकर देशभर में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को बाधित करना और देश की विकास यात्रा में व्यवधान डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता अपने मत के माध्यम से हर राजनीतिक दल को जवाब देती है।
केंद्रीय मंत्री से लेकर विधायकों तक ने की शिरकत..
पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह और सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

