दिल्ली में फिर निर्भया कांड जैसी वारदात! स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप, 47 किमी तक चलती रही बस, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार..

भारी बारिश में परी चौक पर बस में बैठी थी नाबालिग, कश्मीरी गेट के पास छोड़कर फरार हुए आरोपी.. बस जब्त, फोरेंसिक जांच जारी।

नई दिल्ली। दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से एक नाबालिग छात्रा के साथ स्लीपर बस के अंदर कथित गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। जिस बस में वारदात का आरोप है, उसे भी जब्त कर लिया गया है और फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 16 वर्षीय छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ती है और मैनपुरी से नोएडा अपनी कजिन से मिलने जा रही थी। भारी बारिश के दौरान वह परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान उसने वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया।

आरोप है कि बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप ने छात्रा को बस में बैठने की पेशकश की। पुलिस के मुताबिक, बस में बैठने के बाद दोनों आरोपियों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे कश्मीरी गेट के पास छोड़कर दोनों आरोपी फरार हो गए।

परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर चली बस..

जांच में पुलिस को पता चला कि यह बस पहले खराब हो गई थी। इसके बाद उसे मरम्मत के लिए ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके की एक वर्कशॉप में ले जाया गया था। मरम्मत के बाद ड्राइवर और कंडक्टर खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर उनकी मुलाकात छात्रा से हुई।

पुलिस के अनुसार, परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर की दूरी तय की। स्लीपर बस में लगे पर्दों के कारण अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई नहीं देती थीं।

पुलिस ने बस कब्जे में ली, फोरेंसिक जांच से जुटाए जा रहे सबूत..

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही बस को भी कब्जे में ले लिया गया है। फोरेंसिक टीम बस की जांच कर रही है, ताकि मामले से जुड़े जरूरी भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसियां उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। वहीं दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles