बिलासपुर। शहर में सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश से जुड़ा एक मामला सामने आया है। अंबेडकर चौक स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। प्रतिमा के गले में कपड़े का फंदा डालने के साथ ही सिर पर पॉलीथिन बांधी गई थी। इतना ही नहीं, प्रतिमा के पास ताश के पत्ते और सिगरेट के पैकेट भी लटकाए गए थे।
मामले की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के लोग मौके पर पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के साथ इस तरह की हरकत गंभीर है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ कब और कैसे की गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के बाद लोगों ने शहर में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हरकत किसने की और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।

