बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में महिला के घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला जब अपने कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी उसके कमरे में पहुंचा और बुरी नीयत से उसके शरीर को छूने लगा। महिला की नींद खुली तो उसने आरोपी का विरोध किया इस दौरान आरोपी ने उसे धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, पूरी घटना 14 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे की है। पीड़िता अपने घर के कमरे में सो रही थी। इसी दौरान ग्राम सैदा, सकरी निवासी रमाकांत सूर्यवंशी उसके कमरे में पहुंचा और कथित तौर पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला के जागने और विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने चकरभाठा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने आरोपी को कब्जे में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने रमाकांत सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।

