रायपुर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में भगवान श्री गणेश की स्थापना की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवारजनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए भगवान गणेश से प्रार्थना की।

गणेश चतुर्थी की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। हमारी प्राचीन परंपरा में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की आराधना से की जाती है। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव आस्था और भक्ति का पर्व होने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करने का अवसर भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति में तीज-त्योहारों और उत्सवों का विशेष स्थान है। ये पर्व हमें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं और परिवार तथा समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं। गणेशोत्सव भी सामूहिकता, सद्भाव और लोकमंगल की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

