भरनी-चोरभट्टी में समर्थकों ने सड़क किनारे काटा केक.. भीड़ और आतिशबाजी से थमी वाहनों की रफ्तार, तीज पर घर लौट रहे लोग भी जाम में फंसे।
काफिला आगे बढ़ता गया, पीछे वाहनों की कतार लंबी होती गई.. जनप्रतिनिधि के समर्थकों के सड़क पर कार्यक्रम को लेकर उठे यातायात व्यवस्था पर सवाल।
बिलासपुर। तीज पर्व पर जब लोग अपने घरों की ओर लौट रहे थे, उसी दौरान तखतपुर के भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह के जन्मदिन का जश्न सड़क पर राहगीरों के लिए परेशानी बन गया। भरनी और चोरभट्टी में समर्थकों की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान सड़क किनारे भीड़ जुटने, केक काटने और आतिशबाजी के चलते बिलासपुर-कोटा मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि विधायक के समर्थक सड़क किनारे जन्मदिन का आयोजन कर रहे थे। इस दौरान विधायक ने लोगों को संबोधित भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। देखते ही देखते जाम की स्थिति बन गई और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
तीज पर्व के चलते सड़क पर पहले से ही आवाजाही अधिक थी। ऐसे में जाम में फंसने वालों में अपने घर लौट रही महिलाएं और परिवार समेत बड़ी संख्या में राहगीर शामिल रहे। लोगों को काफी देर तक सड़क साफ होने का इंतजार करना पड़ा। विधायक का काफिला जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, पीछे वाहनों की कतार भी बढ़ती गई।
जश्न पर सवाल नहीं, तरीका बना चर्चा का विषय..
जन्मदिन मनाना समर्थकों का उत्साह है, लेकिन सवाल उस तरीके को लेकर खड़े हो रहे हैं, जिसमें सार्वजनिक सड़क को ही कार्यक्रम की जगह बना दिया गया। सड़क किनारे भीड़, आतिशबाजी और संबोधन के कारण जब आम लोगों की आवाजाही रुक जाए तो यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आम नागरिकों के लिए सड़क पर कार्यक्रम आयोजित करने और यातायात बाधित करने को लेकर जो नियम लागू होते हैं, क्या वही नियम जनप्रतिनिधियों के समर्थकों पर भी लागू नहीं होने चाहिए ? खासकर ऐसे समय में, जब तीज पर्व के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर निकल रहे थे।
जन्मदिन का उत्सव अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक मार्ग पर आयोजित जश्न के कारण आम लोगों को हुई परेशानी ने यातायात व्यवस्था और नियमों के समान पालन को लेकर बहस जरूर छेड़ दी है।

