बिलासपुर। शहर के अंबेडकर चौक स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस जांच में नया मोड़ सामने आया है। घटना के बाद तत्काल सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी की पहचान के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला शहर में घूम-घूमकर विभिन्न प्रतिमाओं के साथ इसी तरह की छेड़छाड़ कर रही है।
मामला सामने आने के बाद अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा के गले में कपड़े का फंदा डाला गया था, जबकि सिर पर पॉलीथिन बांधी गई थी। प्रतिमा के पास ताश के पत्ते और सिगरेट के पैकेट भी लटकाए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के लोग मौके पर पहुंचे और नाराजगी जताते हुए पुलिस से जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास की जानकारी जुटाई और प्रतिमा से छेड़छाड़ करने वाले व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए। विवेचना के दौरान पुलिस को शहर में इसी तरह की घटनाओं से जुड़े इनपुट मिले, जिसके बाद एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के संबंध में जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, उक्त महिला शहर में घूम-घूमकर विभिन्न प्रतिमाओं के साथ इस तरह की छेड़छाड़ कर रही है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। महिला की जानकारी मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई करते हुए महिला को आवश्यक प्रक्रिया के तहत सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस टीम महिला की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पुलिस ने लोगों से शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

