स्कूल से घर लौट रहे 3 मासूमों को निगल गई घोंघा नदी, रातभर चला रेस्क्यू. सुबह मिले तीनों के शव..

बिलासपुर। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूमों के लिए शॉर्टकट रास्ते से नदी पार करना जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। दरअसल, तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील में घोंघा नदी पार करते समय तेज बहाव में बहे तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक बच्चे का शव कल शाम मिल गया था, जबकि दो अन्य बच्चों के लिए एसडीआरएफ की टीम ने रातभर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। आज सुबह दोनों के शव भी बरामद कर लिए गए।

हादसे में अनमोल जायसवाल, स्तुति जायसवाल और शिक्षा जायसवाल की जान गई है। तीनों बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हुआ और तीनों मासूम पानी की तेज धार में बह गए।

एक शव मिला तो दो की तलाश में रातभर जुटी SDRF..

हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण और पुलिस टीम तुरंत नदी किनारे पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कल शाम से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाश के दौरान एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, लेकिन दो अन्य बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला।

दोनों लापता बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ ने रातभर अभियान जारी रखा। नदी के तेज बहाव और अंधेरे के बीच टीम लगातार संभावित स्थानों पर तलाश करती रही। आज सुबह आखिरकार दोनों बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। तीनों मासूमों के शव मिलने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया।

तीनों एक ही परिवार के, दो भाइयों के थे बच्चे..

इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार से थे और दो भाइयों के बच्चे थे। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से समडील गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच भी गहरा शोक है।

मृत बच्चों में 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल KG-2, जबकि 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय
शिक्षा जायसवाल कक्षा तीसरी में पढ़ते थे। जिन बच्चों के हाथों में कुछ देर पहले स्कूल की किताबें थीं, वही बच्चे अब इस दुनिया में नहीं हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे तखतपुर क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles