बिलासपुर। ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस में एक महिला यात्री के बैग से सोने के जेवर चोरी करने के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5.40 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल तीसरी महिला फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
दरअसल, ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अपराधों पर लगाम कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 7 सितंबर को पुलिस टीम संदिग्ध आरोपियों और चोरी के माल की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एमसीबी जिले के ग्राम केराडोल में कुछ संदिग्ध महिलाएं मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर GRP टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रही दो महिलाओं को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान रिंकी बसोंड और वर्षा उर्फ कचरी बसोंड के रूप में हुई। दोनों केराडोल, थाना पौड़ी, जिला एमसीबी की रहने वाली हैं।
पुलिसिया पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि करीब डेढ़ से दो महीने पहले वे अपनी साथी रितु उर्फ संतोषी बसोड के साथ अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में यात्रा कर रही एक महिला यात्री को निशाना बनाया था। तीनों ने महिला को घेरकर नागपुर रोड रेलवे स्टेशन पर उतरते समय उसके लेडीज हैंडबैग में रखे सोने के जेवर चोरी कर लिए थे।
वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चोरी के जेवर अपने पास रखने के बजाय ग्राम घोघरा के पास एलिफेंट क्रॉसिंग में एक पाइप के नीचे छिपा दिए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मौके पर पहुंचकर चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद कर लिए। बरामद सामान में एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी सोने की कनौती, तीन लेडीज सोने की अंगूठियां और एक जेंट्स सोने की अंगूठी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद जेवरों की कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये है।
पुलिस ने सभी जेवर बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में तीनों के संगठित होकर वारदात करने की बात सामने आने पर मामले में धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में फरार रितु उर्फ संतोषी बसोड की तलाश की जा रही है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। GRP पुलिस का कहना है कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

