बिलासपुर। देश के प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता और रंगकर्मी राजेंद्र गुप्ता 2 अप्रैल को बिलासपुर आएंगे। वे इस अवसर पर मशहूर कवि धूमिल की रचना “पटकथा” का एकल नाट्य मंचन करेंगे।
यह कार्यक्रम सीएमडी चौक स्थित आईएमए भवन में गुरुवार शाम 7 बजे आयोजित होगा। आयोजन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और आधारशिला के सहयोग से प्रगतिशील लेखक संघ और इप्टा की बिलासपुर इकाई द्वारा किया जा रहा है।


राजेंद्र गुप्ता ने माचिस, लगान और तलवार जैसी फिल्मों के साथ ही चंद्रकांता, बालिका वधू और लागी तुमसे लगन जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपने अभिनय से खास पहचान बनाई है। उनका यह एकल नाट्य मंचन भी काफी चर्चित रहा है।

कार्यक्रम के निर्देशक आर.एस. विकल और संगीत निर्देशक आदित्य शर्मा हैं, जो इस मंचन में उनके साथ रहेंगे। साहित्य और कविता से गहरा जुड़ाव रखने वाले राजेंद्र गुप्ता के इस प्रस्तुति को लेकर शहर के साहित्य और नाट्य प्रेमियों में उत्साह है।

आयोजकों ने साहित्यकारों, रंगकर्मियों और आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में डॉ. आर.के. सक्सेना, हबीब खान, अरुण दाभड़कर, डॉ. सत्यभामा अवस्थी, रफीक खान, नरेश अग्रवाल, सचिन शर्मा और नथमल शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

