बिलासपुर। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही न हो और योजनाओं का वास्तविक असर जमीन पर दिखाई दे, इसे लेकर कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य एवं आदिवासी विकास मंत्री रामविचार नेताम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। बिलासपुर में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए किसानों, ग्रामीणों और अन्य हितग्राहियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया।
मंत्री नेताम ने कृषि और पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं की जानकारी केवल सरकारी दस्तावेजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। किसानों को योजनाओं से जोड़ने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें मिलने वाले लाभ का असर उनकी आय और उत्पादन में वृद्धि के रूप में दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में मंत्री ने अधिक से अधिक किसानों को पौधरोपण से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फलदार और उपयोगी पौधों का रोपण किसानों के लिए अतिरिक्त आय का मजबूत जरिया बन सकता है। विभाग किसानों को पौधे उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोपण के बाद उनकी देखभाल और बेहतर उत्पादन के लिए जरूरी तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराए।
जरहाभाठा छात्रावास परिसर का होगा विकास..
बैठक में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के छात्रावासों में प्रवेश और सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जरहाभाठा स्थित विभागीय छात्रावास परिसर को पीपीपी मॉडल पर मल्टी स्टोरी भवन के रूप में विकसित करने की जानकारी दी गई। मल्टी स्टोरी भवन के निर्माण से विद्यार्थियों के लिए बेहतर और आधुनिक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

हितग्राहियों से संवाद बढ़ाने के निर्देश..
मंत्री नेताम ने मत्स्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा के साथ अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में भी जाएं और किसानों तथा हितग्राहियों से सीधे संवाद करें। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलेगी और उनका समय पर समाधान किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाना है। अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और परिणामपरक दृष्टिकोण अपनाएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे।

