त्योहार से पहले मिठाई दुकानों पर बड़ी कार्रवाई, 117 किलो मिठाई जब्त-नष्ट.. 2 फर्मों पर लगा ताला..

‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ में 19 प्रतिष्ठानों की जांच, गंदगी में खाद्य सामग्री बनाने वालों पर प्रशासन का शिकंजा।

102 किलो श्री बर्फी-मिक्स जब्त, लाइसेंस-पंजीयन निलंबित.. त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर और कसेगा शिकंजा।

बिलासपुर। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में सप्ताहभर चले ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान में 19 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 117 किलो मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई। वहीं दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीयन निलंबित कर उन्हें बंद कराया गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने 15 विधिक और 4 निगरानी नमूने लिए। जांच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ दुकानों और निर्माण स्थलों की साफ-सफाई, भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया गया।

102 किलो श्री बर्फी-मिक्स ने बढ़ाई चिंता..

अभियान के दौरान मेसर्स पवन ट्रेडर्स, व्यापार विहार से 102 किलो श्री बर्फी-मिक्स जब्त कर प्रकरण तैयार किया गया। वहीं मेसर्स श्रीराम स्वीट्स, नगपुरा, सिरगिट्टी से करीब 15 किलो बर्फी नष्ट कराई गई। विभाग की कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।

गंदगी में खाद्य सामग्री बनाना पड़ा भारी..

मेसर्स श्रीराम स्वीट्स में अस्वास्थ्यकर और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसी तरह मेसर्स प्रबल फूड प्रोडक्ट, दुमानी, मस्तूरी का पंजीयन निलंबित करते हुए प्रतिष्ठान को बंद कराया गया। इसके अलावा मेसर्स मद्रासी रेस्टोरेंट, बिलासपुर का लाइसेंस भी अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण निलंबित किया गया।

वहीं मेसर्स कमलेश जनरल स्टोर, रानीगांव से शिव गंगा नमकीन का नमूना लिया गया और भ्रामक दावे को लेकर नोटिस जारी किया गया।

त्योहारों में भी जारी रहेगी जांच..

अभियान के दौरान लोगों को भी खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट का लेबल, निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि जरूर देखें। अत्यधिक रंगीन खाद्य पदार्थों से बचने और खाद्य सामग्री को साफ एवं सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह भी दी गई।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान समाप्त होने के बावजूद खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। आगामी त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles