लालखदान रेल हादसे में बड़ा एक्शन.. CRS की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद महिला परिचालक बर्खास्त, 180 दिन बाद भी फाइनल रिपोर्ट का इंतजार। पढ़िये पूरी खबर..

कोरबा-बिलासपुर मेमू खड़ी मालगाड़ी से टकराई थी, 14 से ज्यादा यात्रियों की हुई थी मौत.. प्रारंभिक जांच में चालक-परिचालक की भूमिका पर उठे सवाल।

बिलासपुर। लालखदान में नवंबर 2025 में हुए भीषण रेल हादसे को लेकर अब रेलवे में कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। रेलवे सेफ्टी कमिश्नर (CRS) की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद महिला परिचालक रश्मि राज को रेल सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले ट्रेन चालक विद्यासागर के परिजन को रेलवे में नौकरी देने की प्रक्रिया भी चल रही है। हालांकि, हादसे की पूरी तस्वीर अभी सामने नहीं आई है, क्योंकि CRS की फाइनल रिपोर्ट का अब भी इंतजार है।

दरअसल, नवंबर 2025 में कोरबा से बिलासपुर आ रही लोकल मेमू ट्रेन लालखदान के पास अप लाइन पर खड़ी कोयला लोडेड मालगाड़ी से जा टकराई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इस हादसे में 14 से ज्यादा यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए थे। हादसे के बाद रेलवे ने मामले की जांच रेलवे सेफ्टी कमिश्नर बीके मिश्रा को सौंपी थी।

जांच के दौरान हादसे से पहले ट्रेन के संचालन और चालक दल की भूमिका समेत कई पहलुओं को खंगाला गया। इसमें ट्रेन चालक विद्यासागर और सहायक परिचालक रश्मि राज की भूमिका की भी जांच हुई। हादसे में चालक विद्यासागर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रश्मि राज गंभीर रूप से घायल हुई थीं। अब प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर रेल प्रशासन ने रश्मि राज के खिलाफ रिमूवल ऑफ सर्विस यानी सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई की है।

दूसरी ओर, हादसे में जान गंवाने वाले चालक विद्यासागर के परिवार को रेलवे में नौकरी देने की प्रक्रिया चल रही है। हादसे के बाद रेलवे के स्तर पर कुछ अधिकारियों के तबादले भी किए गए थे। यानी घटना के बाद से लेकर अब तक रेलवे प्रशासन की ओर से अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई जारी है।

लेकिन इस पूरे मामले में अभी सबसे बड़ा सवाल CRS की अंतिम रिपोर्ट को लेकर है। रिपोर्ट सौंपने के लिए 180 दिन की समयसीमा बताई गई थी, लेकिन अब तक जोन और डिवीजन स्तर पर फाइनल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हुई है। ऐसे में प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई तो शुरू हो गई है, लेकिन हादसे की अंतिम वजह, जिम्मेदारी और जांच के निष्कर्षों पर पूरी तस्वीर CRS की फाइनल रिपोर्ट सामने आने के बाद ही साफ होगी। अब सवाल यही है कि लालखदान जैसे बड़े रेल हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट आखिर कब सामने आएगी?

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles