बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर वेंडर से मारपीट करने के आरोप में जीआरपी ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर युवक को रोककर 300 रुपये मांगे। पैसे नहीं देने पर उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जिसका वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल,पूरी घटना 15 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे के बीच की है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन में वेंडर का काम करने वाले कपिल सिंह कैंटीन से खाना लेकर प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी ट्रेन की ओर जा रहा था। इसी दौरान रंजीत सिंह और जलसिंह उर्फ राणा ने उसे रोक लिया। दोनों ने शराब पीने के लिए 300 रुपये मांगे। कपिल के पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी बिलासपुर ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। उनकी पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के टेहनगुर निवासी रंजीत सिंह रजावत और जलसिंह उर्फ राणा के रूप में हुई।
मामले में पीड़ित के बयान, गवाहों और वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। GRP के अनुसार, पीड़ित और दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी अलग-अलग थानों में कई अपराध दर्ज हैं।

