मल्हार स्कूल में अनियमितताओं की पुष्टि.. प्राचार्य समेत तीन शिक्षक हटाए गए, जांच में अतिरिक्त वसूली का खुलासा..

जांच में विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार, 500 रुपए अतिरिक्त वसूली और शैक्षणिक कार्यों में अनियमितताओं की पुष्टि।

छात्राओं ने कलेक्टर से की थी शिकायत, जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किए आदेश।

बिलासपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्हार में विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार और स्कूल की व्यवस्थाओं में अनियमितताओं के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में गंभीर गड़बड़ियों की पुष्टि होने के बाद प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला सहित तीन शिक्षकों को विद्यालय से हटाकर दूसरे स्कूलों में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में शाला शुल्क के नाम पर प्रति विद्यार्थी 500 रुपये अतिरिक्त वसूली, छात्राओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने में अनियमितता और शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही के मामले सामने आए हैं।

विद्यालय को लेकर जनप्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतें मिली थीं। इसके बाद 1 अक्टूबर को विद्यालय की छात्राओं ने कलेक्टर संजय अग्रवाल के समक्ष अपनी शिकायतें रखीं और संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के लिए 30 सितंबर को गठित तीन सदस्यीय दल से जांच कराई। दल ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज करने के बाद 7 अक्टूबर को रिपोर्ट सौंपी।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला के खिलाफ विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार, छात्राओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने में अनियमितता, प्रति विद्यार्थी 500 रुपये अतिरिक्त वसूली और शैक्षणिक दायित्वों के निर्वहन में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई। वहीं, व्याख्याता रश्मि गुप्ता के मामले में विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार, उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन और अध्यापन कार्य भृत्य से कराने सहित अन्य शैक्षणिक अनियमितताएं पाई गईं। व्याख्याता संजय दुबे के खिलाफ भी विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार और शैक्षणिक कार्यों में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई।

जांच दल ने विद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए तीनों को अन्य संस्थाओं में पदस्थ करने की अनुशंसा की थी। कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किए।

आदेश के तहत प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला को शासकीय हाई स्कूल कुकुर्दीकेरा, विकासखंड मस्तूरी, व्याख्याता रश्मि गुप्ता को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी और व्याख्याता संजय दुबे को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखर में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये आदेश राज्य शासन से स्थानांतरण आदेश जारी होने की प्रत्याशा में दिए गए हैं। शासन द्वारा दूसरी संस्था में पदस्थापना का आदेश जारी होने के बाद वर्तमान आदेश स्वतः निरस्त माने जाएंगे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles