बिलासपुर में फिर अंबेडकर प्रतिमा का अपमान.. गोबर फेंकने से भड़का आक्रोश, गिरफ्तारी नहीं तो चक्काजाम की चेतावनी..

बिलासपुर। तखतपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान का मामला सामने आने के बाद माहौल गरमा गया है। थाना क्षेत्र में किसी असामाजिक तत्व द्वारा प्रतिमा पर गोबर फेंके जाने की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा के पास धरना शुरू कर दिया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई है।

बहुजन समाज के कार्यकर्ताओं का कहना है कि महापुरुष की प्रतिमा के साथ इस तरह का कृत्य गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस से घटना की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया जाएगा।

घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। वहीं आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

गौरतलब है कि अंबेडकर प्रतिमा के अपमान की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 4 सितंबर को बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर चौक में भी प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक हरकत की गई थी। प्रतिमा के गले में कपड़े का फंदा डाला गया था, जबकि सिर पर पॉलीथिन बांधी गई थी। प्रतिमा के पास ताश के पत्ते और सिगरेट के पैकेट भी लटकाए गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के लोग मौके पर पहुंचे थे और नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब तखतपुर में दोबारा ऐसी घटना सामने आने से समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles