तोरवा छठ घाट पर आज आस्था का भव्य नजारा, 5001 दीपों से होगी अरपा की महाआरती..

भव्य महाआरती से होगा छठ महापर्व का शुभारंभ, प्रेमदास महाराज के सानिध्य में अरपा में प्रवाहित होंगे 5001 दीप.. प्रदेश के दिग्गज नेता और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल।

बिलासपुर। छठ महापर्व को लेकर बिलासपुर में उत्साह और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एशिया के सबसे बड़े और व्यवस्थित छठ घाटों में शामिल तोरवा स्थित अरपा घाट पर शुक्रवार से छठ पूजा की शुरुआत होगी। इस मौके पर छठ पूजा समिति बिलासपुर की ओर से भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। श्री श्री 1008 प्रेमदास महाराज (बम्हबाबा) के सानिध्य में होने वाली इस महाआरती में 5001 दीप जलाकर अरपा नदी में प्रवाहित किए जाएंगे। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठेगा और छठी मैया के जयकारों से अरपा तट गूंज उठेगा।

आयोजन को भव्य बनाने के लिए छठ पूजा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी प्रवीण झा के नेतृत्व में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महाआरती से पहले मंचीय कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रदेश के दिग्गज नेता, विधायक, जनप्रतिनिधि और विशेष अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में अरपा नदी की सफाई और संरक्षण को लेकर भी चर्चा होगी। इसके बाद संत-महात्माओं, अतिथियों, समिति के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य महाआरती की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने में प्रवीण झा के साथ रोशन सिंह, आरपी सिंह सहित समिति के सभी सदस्य जुटे हुए हैं।

छठ पर्व को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। शनिचरी बाजार में पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। लोग सूप, टोकरी, दीये, कोसी, सुपारी और सिंदूर सहित जरूरी सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। इस बार बाजार में कोसी की कीमत 200 से 500 रुपये तक है। पर्व को लेकर बाजार में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगी। इस दिन व्रती स्नान कर अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी ग्रहण करेंगे। 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखेंगे और शाम को गुड़ व दूध से बनी खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद छठ व्रत की कठिन साधना शुरू होगी।

तोरवा का छठ घाट हर साल हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनता है। इस बार 5001 दीपों की रोशनी और भव्य महाआरती आयोजन को खास बनाएगी। अरपा नदी के तट पर होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश देगा।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles