सिर पर दउरा, आंखों में आस्था और सूर्यदेव की आराधना.. तोरवा छठ घाट पर उमड़ा श्रद्धा का महासागर..

बिलासपुर। आस्था समुद्र से भी गहरी और आकाश की तरह असीम होती है। इसकी गहराई को शब्दों में बांध पाना आसान नहीं। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को बिलासपुर के तोरवा छठ घाट पर आस्था का ऐसा ही अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी, छठी मैया के जयकारे और सूर्य उपासना के बीच पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। शाम 5 बजकर 10 मिनट पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और जगत के कल्याण की कामना की।

छठ पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें उपासना के समय श्रद्धालु साक्षात सूर्य देव के दर्शन करते हुए उन्हें अर्घ्य अर्पित करते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में शुद्धता, संयम और कठिन तपस्या का विशेष महत्व है। व्रती पूरे विधि-विधान से 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर सूर्य देव और छठी मैया की आराधना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को छठी मैया की विशेष पूजा की जाती है। संतान की सुख-समृद्धि और परिवार के मंगल की कामना के साथ महिलाएं बड़ी संख्या में यह व्रत रखती हैं, वहीं कई पुरुष भी इस कठिन व्रत का पालन करते हैं।

नहाय-खाय से शुरू हुआ व्रत, खरना के बाद निर्जला उपवास..

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई। इस दिन व्रतियों ने स्नान के बाद पूरी शुद्धता और नियमों का पालन करते हुए कद्दू, चना दाल और अरवा चावल का प्रसाद ग्रहण किया। शनिवार को खरना के अवसर पर व्रतियों ने गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। रविवार को दोपहर बाद से ही व्रतियों के घाट पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बांस की टोकरी और दउरा में फल, कंद-मूल, सब्जियां और पारंपरिक ठेकुआ सहित पूजा सामग्री लेकर श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ घाट पहुंचे। कई परिवारों में पुरुष सदस्य सिर पर दउरा रखकर महिलाओं के साथ घाट तक पहुंचे।

गन्ने के मंडप में सजा पूजन स्थल, वैदिक विधि से हुई सूर्य उपासना..

घाट पर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने अरपा नदी की मिट्टी से चौरा तैयार किया और गन्ने का मंडप सजाया। इसके बाद चौरा पर प्रसाद से भरे सूप रखकर धूप-दीप और आरती के साथ पूजा-अर्चना की गई। शाम होते ही घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। निर्धारित समय पर व्रतियों ने नदी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को दूध और जल का अर्घ्य दिया। सूर्य देव को प्रणाम कर सभी ने परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी आयु और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।

अच्छी जगह पाने के लिए दोपहर से ही पहुंचने लगे व्रती..

तोरवा पुल के नीचे स्थित छठ घाट पर रविवार दोपहर करीब एक बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। लगभग 1000 मीटर लंबे घाट पर अच्छी जगह पाने के लिए कई परिवार पहले ही पहुंचकर अपना स्थान सुरक्षित करते नजर आए। शाम होते-होते घाट पर भारी भीड़ जुट गई। अनुमान के मुताबिक इस बार 5 से 10 हजार श्रद्धालु यहां पहुंचे। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की भी रही, जो स्वयं छठ व्रत नहीं रखते, लेकिन इस महापर्व में शामिल होकर सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना करते हैं। घाट पर आस्था और उत्साह का ऐसा माहौल रहा कि देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

500 से अधिक वॉलिंटियर्स ने संभाली व्यवस्था, 10 पार्किंग स्थल और 6 प्रवेश द्वार..

हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए छठ पूजा समिति ने व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। आयोजन स्थल पर वाहनों के लिए 10 पार्किंग स्थल बनाए गए, जबकि घाट तक पहुंचने के लिए छह प्रवेश द्वार तैयार किए गए। बुजुर्गों, बीमार और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैटरी से चलने वाली गाड़ियों की व्यवस्था की गई। महिलाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर चेंजिंग रूम बनाए गए। अर्घ्य देने के लिए समिति की ओर से एक क्विंटल दूध की व्यवस्था भी की गई।

व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए छठ पूजा समिति के 500 से अधिक वॉलिंटियर्स के साथ पुलिस, नगर सेना तथा भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्य तैनात रहे। नदी में सुरक्षा के मद्देनजर एसडीआरएफ की टीम नाव के साथ पूरे समय मुस्तैद रही। आयोजन स्थल पर पुलिस कंट्रोल रूम और अपोलो की ओर से प्राथमिक उपचार केंद्र बनाया गया। श्रद्धालुओं के लिए समिति ने नि:शुल्क चाय की व्यवस्था भी की। बाहर से आने वाले व्रतियों के ठहरने और भोजन का इंतजाम छठ घाट स्थित भवन में किया गया था। सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए वॉलिंटियर्स वॉकी-टॉकी के जरिए आपस में समन्वय करते रहे।

सोमवार सुबह उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य, इसके साथ पूरा होगा व्रत..

रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पूजा सामग्री लेकर बाजे-गाजे के साथ अपने घर लौट गए। अब सोमवार तड़के वे एक बार फिर घाट पहुंचेंगे और उगते सूर्य की उपासना करेंगे। पूर्व दिशा की ओर मुख कर नदी के जल में कमर तक खड़े होकर दूध और जल से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद प्रसाद वितरण और ब्रह्म बाबा की पूजा होगी। अंत में व्रती दूध और शरबत ग्रहण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण करेंगे।

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles