अहमदाबाद। गुरुवार दोपहर गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो बोइंग 787 ड्रीमलाइनर थी, उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा दोपहर 1:40 बजे हुआ, जबकि विमान ने सिर्फ दो मिनट पहले, यानी 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरी थी।
इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें एयर इंडिया का क्रू स्टाफ और यात्री शामिल थे। दुखद बात यह है कि सभी की मौत हो गई है। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं। इसके अलावा 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक भी इस विमान में सवार थे।
हादसा इतना भीषण था कि विमान एयरपोर्ट के पास ही एक घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में गिर गया। वहां पास में ही अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स का क्वार्टर भी स्थित है। हादसे में 15 डॉक्टरों के घायल होने की खबर है। टक्कर के बाद इलाके में धुआं फैल गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई।
अब तक 150 से अधिक शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। अधिकतर शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। प्रशासन ने बताया है कि शवों की पहचान के लिए अब डीएनए जांच की जाएगी।
घटना के तुरंत बाद एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुट गईं। चूंकि यह इलाका रिहायशी है, इसलिए आम लोगों के भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
यह हादसा क्यों हुआ, इसके पीछे की वजहों की जांच शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयर इंडिया के अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जानकारी में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस घटना के बाद पूरे देश में शोक की लहर तेजी से फैल गई है।