6 पशुओं की मौत के बाद ओखर गौधाम पहुंची जांच टीम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई मौत की वजह..

बारिश से गौधाम में जलभराव और जमीन प्रभावित होने की भी पुष्टि, करीब 300 पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश।

बिलासपुर। मस्तूरी विकासखंड के ग्राम ओखर स्थित गौधाम में पिछले तीन दिनों में 6 पशुओं की मौत के मामले ने प्रशासन का ध्यान खींचा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कराई गई पशु चिकित्सा विभाग की जांच में सामने आया है कि 4 पशुओं की मौत वृद्धावस्था के कारण हुई, जबकि 2 पशुओं की मृत्यु अन्य कारणों से हुई है। जांच टीम ने मौके का निरीक्षण करने के साथ मृत पशुओं का पोस्टमार्टम भी किया। पूरी जांच रिपोर्ट कलेक्टर संजय अग्रवाल को सौंप दी गई है।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल वस्तुस्थिति की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. गोपाल शरण सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ओखर गौधाम पहुंची। टीम ने गौधाम परिसर का निरीक्षण किया, मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया और मौके की परिस्थितियों का बारीकी से जायजा लिया।

जांच के बाद तैयार विस्तृत प्रतिवेदन में पशुओं की मौत की स्थिति के साथ गौधाम की मौजूदा परिस्थितियों का भी उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अत्यधिक बारिश के कारण गौधाम परिसर में जलभराव हुआ है और जमीन भी प्रभावित हुई है।

21 अगस्त को किया गया था पशुओं का विस्थापन..

जांच प्रतिवेदन के अनुसार गौधाम में पशुओं को इससे पहले 21 अगस्त 2026 को विस्थापित किया गया था। फिलहाल गौधाम में ग्राम पंचायत ओखर के करीब 300 पशु मौजूद हैं।

करीब 300 पशुओं की सुरक्षा पर प्रशासन की नजर..

पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब एहतियाती कदम उठाए हैं। ग्राम पंचायत ओखर के सरपंच की सहमति से गौधाम में मौजूद करीब 300 पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने और चराने के लिए बाहर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का फोकस अब पशुओं को बारिश और जलभराव से सुरक्षित रखने के साथ उनके स्वास्थ्य पर भी है। जिला प्रशासन द्वारा गौधाम में मौजूद पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद फिलहाल प्रशासन ने पशुओं को सुरक्षित रखने और उनकी देखभाल की व्यवस्था पर प्राथमिकता से ध्यान केंद्रित किया है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles