रायपुर। नेपाल में भारी बाढ़ और भूस्खलन के बीच फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मदद के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रशासन प्रभावित लोगों से संपर्क और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।
सरकार ने नागरिकों और उनके परिजनों से सहायता के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 और दूरभाष नंबर +91-771-2223471 पर संपर्क करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री साय ने नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार अपने नागरिकों के साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद दुखद और हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री ने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने लापता लोगों के सुरक्षित होने की भी कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुश्किल समय में पूरा भारत नेपाल के प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।

राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों से संबंधित आवश्यक जानकारी मिलने पर निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से संपर्क करें, ताकि जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।
मदद के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क..
नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिक या उनके परिजन सहायता और आवश्यक जानकारी के लिए:
आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन: 1070
दूरभाष: +91-771-2223471
पर संपर्क कर सकते हैं।

