बिलासपुर। गणेश उत्सव में किसी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न हो, इसे लेकर बिलासपुर पुलिस ने अभी से कमर कस ली है। पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पंडाल लगाने से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक के लिए 10 अहम निर्देश जारी किए गए। पुलिस ने साफ किया कि उत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में शहर की करीब 27 गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्ष और आयोजक शामिल हुए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी समेत संबंधित थानों के प्रभारी मौजूद रहे।
पुलिस ने समितियों से कहा कि गणेश उत्सव धार्मिक आस्था और उत्साह का पर्व है, इसलिए आयोजन के दौरान अनुशासन और आपसी समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
पुलिस के 10 निर्देश, आयोजकों को करना होगा पालन..
अनुमति के बाद ही आयोजन : सभी समितियों को अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व), बिलासपुर से आवश्यक अनुमति लेने के निर्देश दिए गए।
सड़क पर नहीं बनेगा पंडाल : पंडाल सड़क पर नहीं लगाया जाएगा, ताकि यातायात प्रभावित न हो और लोगों की आवाजाही बनी रहे।
बिजली व्यवस्था में लापरवाही नहीं : पंडाल में विद्युत कनेक्शन और वायरिंग सुरक्षित तरीके से करने के निर्देश दिए गए, ताकि करंट या शॉर्ट सर्किट जैसी घटना से जनहानि न हो।
वालंटियर रहेंगे तैनात : प्रत्येक समिति को अपने पंडाल में पर्याप्त संख्या में वालंटियर रखने को कहा गया है, जो भीड़ और व्यवस्था संभालने में मदद करेंगे।
फूहड़ गानों पर रोक : पंडाल में धार्मिक गीत और भजन ही बजाने के निर्देश दिए गए हैं। फूहड़ गाने नहीं बजाए जाएंगे और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
एंबुलेंस-फायर ब्रिगेड की राह रहे साफ : पंडाल ऐसी जगह बनाया जाए, जहां जरूरत पड़ने पर अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस आसानी से पहुंच सकें।
हथियार और नशे पर सख्ती : हथियार लेकर आने वाले या नशे की हालत में रहने वाले लोगों को पंडाल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
24 सितंबर तक विसर्जन : सभी समितियों को 24 सितंबर 2026 तक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने के निर्देश दिए गए हैं।
विसर्जन में आपसी समन्वय जरूरी : सभी समितियां विसर्जन के दौरान एक-दूसरे से समन्वय बनाकर निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमा विसर्जित करेंगी।
पंडाल में CCTV जरूरी : सभी गणेश उत्सव समितियों को अपने पंडाल में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

