बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिले हैं। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने मुख्य न्यायाधीश के कोर्ट रूम में न्यायमूर्ति संतोष शर्मा, न्यायमूर्ति श्रीमती सुषमा सावंत और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार शुरू हुआ। इस दौरान रजिस्ट्रार जनरल ने तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित अधिसूचनाओं का वाचन किया, जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें शपथ दिलाई।
शपथ लेने के बाद तीनों नए न्यायाधीशों ने हाईकोर्ट परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे संविधान और न्यायिक दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और स्वतंत्रता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने न्याय की गरिमा बनाए रखने और न्यायिक दायित्वों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाधिवक्ता सहित न्यायपालिका और प्रशासन से जुड़े अधिकारियों ने नए न्यायाधीशों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
न्यायमूर्ति संतोष शर्मा ने 19 मार्च 2009 को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया था। उन्होंने बिलासपुर, दंतेवाड़ा, बलौदाबाजार, रायपुर और सूरजपुर में विभिन्न न्यायिक पदों पर सेवाएं दीं। हाईकोर्ट में उन्होंने रजिस्ट्रार (प्रशासन एवं स्थापना) और रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। न्यायाधीश नियुक्त होने से पहले वे कोरबा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे।
न्यायमूर्ति श्रीमती सुषमा सावंत ने 15 अप्रैल 1994 को न्यायिक सेवा की शुरुआत की। उन्होंने सिविल जज वर्ग-II से लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तक विभिन्न पदों पर कार्य किया। वे बिलासपुर फैमिली कोर्ट की प्रधान न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की निदेशक और रायपुर स्थित विधि एवं विधायी कार्य विभाग में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं।
न्यायमूर्ति सुधीर कुमार ने 13 मार्च 2009 को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, महासमुंद, दंतेवाड़ा, धमतरी और दुर्ग में विभिन्न न्यायिक पदों पर सेवाएं दीं। वे छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी में अतिरिक्त निदेशक, हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) और रजिस्ट्रार जनरल तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में विधि सलाहकार के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। शपथ ग्रहण समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीश, रजिस्ट्रार जनरल एवं रजिस्ट्री के अधिकारी, विधि एवं विधायी कार्य विभाग के प्रधान सचिव, न्यायिक अकादमी और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, हाईकोर्ट के अधिकारी-कर्मचारी, नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिजन और आमंत्रित अतिथि मौजूद रहे।

