सड़क, कॉलेज, अस्पताल, पुलिस थाना और ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट..23 कामों की रखी आधारशिला, 15 विकास कार्य जनता को किए समर्पित।
बिलासपुर/सक्ती। सक्ती जिले में विकास की तस्वीर बदलने वाली कई बड़ी परियोजनाओं को शुक्रवार को रफ्तार मिली। ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले को 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक के 38 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। दोनों नेताओं ने 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन कर उनकी आधारशिला रखी, जबकि 15 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
कुल 38 विकास कार्यों में करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन और करीब 42.46 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। वहीं, नए पुलिस थाना भवन और प्रशासनिक भवन बनने से सुरक्षा और सरकारी सेवाओं से जुड़ी सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा करीब 15.30 करोड़ रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा। अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक सड़क, नगझर-नवापारा मार्ग और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी गई।
शिक्षा और युवाओं के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और कौशल विकास से जुड़ी सुविधाएं मिल सकेंगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बनाए जाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्यों की भी शुरुआत की गई।

वहीं, करीब 42.46 करोड़ रुपए की लागत से पूरे हुए 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें मालखरौदा क्षेत्र में करीब 14.35 करोड़ रुपए की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क निर्माण शामिल है। इसके अलावा करीब 11.35 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क का निर्माण पूरा किया गया है। बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्यों को भी जनता को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

