स्मृति ईरानी के प्रभारी बनने के बाद संगठन महामंत्री भी बदले, RSS के अनुभवी प्रचारक कर्मवीर अब रायपुर से संभालेंगे भाजपा संगठन।
शिवप्रकाश को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव संगठन की जिम्मेदारी, पांच राज्यों का मिला दायित्व।
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में लगातार दूसरे दिन बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है। पार्टी ने अब प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी कर्मवीर को सौंप दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से 24 सितंबर को जारी नियुक्ति सूची में कर्मवीर को छत्तीसगढ़ का नया संगठन महामंत्री बनाया गया है। उनका केंद्र रायपुर रहेगा।

कर्मवीर अब तक झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके छत्तीसगढ़ आने के साथ ही पार्टी ने मौजूदा संगठन महामंत्री पवन साय को झारखंड भेज दिया है। यानी भाजपा ने दोनों राज्यों में संगठन की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया है।
यह बदलाव इसलिए भी अहम है क्योंकि इससे ठीक एक दिन पहले भाजपा ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी नियुक्त किया था। अब संगठन महामंत्री के पद पर कर्मवीर की नियुक्ति के साथ छत्तीसगढ़ भाजपा में नई संगठनात्मक टीम की तस्वीर और साफ हो गई है।
1993 में RSS प्रचारक बने, अब रायपुर से संभालेंगे BJP संगठन..
कर्मवीर का संगठनात्मक अनुभव लंबा रहा है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से आने वाले कर्मवीर ने वर्ष 1993 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में अपना सफर शुरू किया था।

उन्होंने तहसील प्रचारक, नगर प्रचारक और जिला प्रचारक के रूप में काम किया। फतेहपुर सीकरी, अलीगढ़ और मथुरा में संगठन की जिम्मेदारियां संभालने के बाद वे एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग के विभाग प्रचारक रहे।
इसके बाद वर्ष 2015 में उन्हें मेरठ प्रांत का सह प्रांत प्रचारक और 2019 में ब्रज प्रांत का सह प्रांत प्रचारक बनाया गया।
भाजपा संगठन में उनकी औपचारिक भूमिका वर्ष 2020 में बढ़ी, जब उन्हें उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया। अगस्त 2022 में उन्होंने झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) का दायित्व संभाला। अब पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ भेजते हुए संगठन की कमान सौंप दी है।


पवन साय अब झारखंड में संभालेंगे संगठन..
कर्मवीर की नियुक्ति के साथ ही छत्तीसगढ़ भाजपा के मौजूदा प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय को झारखंड का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका नया केंद्र रांची होगा।
पवन साय लंबे समय से छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। अब उन्हें झारखंड में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।

इस तरह भाजपा ने छत्तीसगढ़ और झारखंड दोनों राज्यों के संगठन महामंत्रियों की जिम्मेदारी बदल दी है।
शिवप्रकाश को भी बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी..
भाजपा के संगठनात्मक फेरबदल में शिवप्रकाश को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का दायित्व सौंपा गया है। उनका केंद्र मुंबई रहेगा।
शिवप्रकाश पहले भी भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। अब नई जिम्मेदारी के साथ उनका संगठनात्मक दायरा कई राज्यों तक फैल गया है।
दो दिन में छत्तीसगढ़ BJP में दो बड़े बदलाव..
छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए पिछले दो दिन संगठनात्मक बदलाव के लिहाज से महत्वपूर्ण रहे हैं। पहले स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाया गया और अब कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
यानी प्रदेश भाजपा में अब प्रभारी, सह-प्रभारी और संगठन महामंत्री के स्तर पर नई टीम के साथ कामकाज आगे बढ़ेगा। भाजपा की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

