बिलासपुर में बवाल के बाद एक्शन मोड में पुलिस, 50+ उपद्रवियों पर FIR, ड्रोन-CCTV से शुरू हुई पहचान..

भीड़ को काबू करने पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, बल प्रयोग किया.. 307 और 191 समेत बलवा की धाराओं में केस।

ड्रोन-CCTV फुटेज से उपद्रवियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए कई टीमें रवाना.. शहर में भारी पुलिस बल तैनात।

बिलासपुर। बिलासपुर में मामूली विवाद ने शुक्रवार रात अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े तथा बल प्रयोग किया। बवाल के दौरान दोनों पक्षों के दो दर्जन से अधिक लोगों के साथ कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।

हालात बिगड़ने की जानकारी मिलते ही एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने देर रात तक घटनास्थल और आसपास के इलाकों की स्थिति पर नजर रखी। तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

50 से ज्यादा लोगों पर FIR, 307 और 191 की धाराएं शामिल..

बवाल के बाद पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। दोनों पक्षों से नामजद लोगों समेत 50 से ज्यादा उपद्रवियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिसमें धारा 307 और 191 भी शामिल हैं।

पुलिस अब घटना के दौरान बनाए गए CCTV फुटेज और ड्रोन से रिकॉर्ड किए गए वीडियो के जरिए उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक पहचान की प्रक्रिया के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर रवाना कर दी गई हैं।

मकान की छत से बम फेंकने का वीडियो सामने आया..

बवाल के बीच एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक मकान की छत से भीड़ की ओर कुछ फेंके जाने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। मौके पर मौजूद लोगों की ओर से इसे पेट्रोल बम बताए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने वीडियो को जांच के दायरे में लेते हुए इसकी सत्यता और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। किसी भी व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

IG-SP ने गठित कीं कई टीमें, गिरफ्तारी अभियान तेज..

उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए रेंज IG और एसपी के स्तर पर कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। अलग-अलग टीमों को आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

घटना के बाद रेंज IG और संभागायुक्त ने भी मौके का जायजा लिया और अधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली।

शहर में स्थिति नियंत्रण में, संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग..

फिलहाल पुलिस का दावा है कि शहर में स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि तनाव को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रात करीब 1 बजे तक इलाके में पुलिस की मौजूदगी बनी रही और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की गई।

प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम के वीडियो फुटेज, CCTV रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की मदद से उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।

बाइट: राम गोपाल गर्ग (IG बिलासपुर रेंज)

बाइट: सुनील जैन ( संभाग कमिश्नर, बिलासपुर)

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles