मुख्यमंत्री ने रायपुर में फहराया तिरंगा, बोले- बस्तर में शांति के बाद नवनिर्माण का स्वर्णिम समय.. किसान, महिला, युवा और आदिवासी विकास सरकार की प्राथमिकता।
‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान का ऐलान, 6,671 सरकारी स्कूलों में बेटियों के लिए बनेंगे शौचालय..एआई मिशन से रोजगार और नई अर्थव्यवस्था पर जोर।
रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद और हिंसा के दौर से निकलकर शांति, विकास और समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। बस्तर में बदले हालात को उन्होंने प्रदेश के नवनिर्माण का स्वर्णिम अवसर बताया।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार का फोकस किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज की समृद्धि के साथ सड़क, बिजली, रेल, डिजिटल कनेक्टिविटी और आधुनिक अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर है।

बस्तर में अब बंदूक नहीं, विकास की आवाज..
साय ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद बस्तर में शांति और विश्वास का माहौल बना है। जिन इलाकों में कभी हिंसा का डर था, वहां अब तिरंगा यात्राएं और विकास की गतिविधियां हो रही हैं। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बस्तर के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाने का दावा किया गया।
बंद स्कूल फिर शुरू किए गए हैं और 36 नए स्कूल स्वीकृत हुए हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है। स्वास्थ्य अभियान के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की जांच की गई है। सड़क, बिजली और संचार सुविधाओं के विस्तार के साथ अंदरूनी इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का काम भी जारी है।

धान पर फोकस, सिंचाई के लिए 11 हजार करोड़ से ज्यादा..
मुख्यमंत्री ने किसानों को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से की जा रही है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने पर 15 हजार रुपए की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी दी गई है। सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की स्वीकृति का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।

महिलाओं को आर्थिक ताकत, युवाओं को रोजगार का लक्ष्य..
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में भेजे गए हैं। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
युवाओं के लिए पुलिस में 7 हजार भर्तियों के साथ शिक्षक, सहायक शिक्षक और बिजली कंपनियों में भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम योजना’ शुरू करने की घोषणा की गई है। अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का भी निर्णय लिया गया है।
500 करोड़ का एआई मिशन, 6 लाख विद्यार्थियों को प्रशिक्षण..
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने के लिए 500 करोड़ रुपए के राज्य एआई मिशन को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण देने की योजना है।

बेटियों के लिए 6,671 स्कूलों में बनेंगे शौचालय..
स्वतंत्रता दिवस के मंच से मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 सरकारी स्कूलों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसे बेटियों की गरिमा, सुविधा और सुरक्षित शिक्षा से जोड़ते हुए महत्वपूर्ण पहल बताया।
निवेश से 1.74 लाख रोजगार की उम्मीद..
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के जरिए अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे करीब 1.74 लाख रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। नवा रायपुर की गारमेंट इकाई से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई।
उन्होंने ऊर्जा, सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी को लेकर भी कई परियोजनाओं का उल्लेख किया। प्रदेश में 829 मोबाइल टावर लगाए जाने और 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लक्ष्य की जानकारी दी।

पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान..
मुख्यमंत्री ने चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की घोषणा की। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की बात कही। छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ और लोककला के संरक्षण के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने का भी निर्णय बताया।
समापन में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

