22.7 C
New York
Sunday, August 16, 2026

Buy now

बिलासपुर में शान से लहराया तिरंगा, 13 प्लाटूनों ने दी भव्य परेड..

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण, शहीद जवानों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान।

तिरंगा शपथ के साथ नशामुक्त समाज का संकल्प, देशभक्ति से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद पूर्ण वेशभूषा में सजे 13 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति से भरी शानदार परेड प्रस्तुत की।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के विकास व जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।

समारोह में तोखन साहू ने उपस्थित लोगों को तिरंगा शपथ दिलाई। वहीं ब्रह्मकुमारी दीदी ने नशामुक्ति की शपथ दिलाकर सभी से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति कर्तव्य निभाने का संकल्प भी लिया गया।

शहीदों के परिजनों का सम्मान, 50 अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत..

नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को केंद्रीय राज्यमंत्री ने सम्मानित किया। शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान माहौल भावुक और गौरवपूर्ण हो गया। लोगों ने वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।

इसके साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

महिला प्लाटूनों ने दिखाया दम..

परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल महिला प्लाटून ने पहला और नगर सेना महिला ने दूसरा स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर प्रथम, एनसीसी सीनियर गर्ल्स द्वितीय और एनसीसी सीनियर बॉयज तृतीय रहे।

देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से गूंजा मैदान..

समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला प्रथम, एलसीआईटी बोदरी द्वितीय और दिल्ली पब्लिक स्कूल तृतीय रहा। नेशनल कॉन्वेंट स्कूल और पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। सुश्री कनक साहू ने वंदे मातरम् की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, सीसीएफ मनोज पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ सक्सेना एवं मुकुल शर्मा ने किया।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Home
Contact
Wtsp
Search