बिलासपुर। ग्राम दर्राभाठा में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सीपत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 7.66 ग्राम सोने और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
दरअसल,पूरा मामला 24 अगस्त का है। दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे सुबह करीब 8 बजे काम के लिए एनटीपीसी सीपत गए थे। उनकी पत्नी सविता देवी भी करीब 8.30 बजे घर में बाहर से ताला लगाकर खेत में काम करने चली गई थीं। करीब 11.45 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपए नकद गायब थे।
शिकायत मिलते ही सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दिनेश सोनवानी को घटना के समय पीड़ित के घर के आसपास देखा गया था। पुलिस ने उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की, जिसमें उसके खिलाफ पहले चोरी का मामला सामने आया।
पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पहले उसने चोरी से इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि घर के आसपास होने के कारण उसे पता था कि दंपती कब घर से बाहर जाते हैं। उनके घर से निकलने के बाद उसने ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली।
पुलिस के मुताबिक पकड़े जाने के डर से आरोपी ने चोरी के जेवर अपनी सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपा दिए थे। आरोपी की निशानदेही पर महिला को भी पकड़ा गया और दोनों की निशानदेही से चोरी गए 7.66 ग्राम सोने के जेवर और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश सोनवानी दर्राभाठा, सीपत और सनिता कौसले रामा केयर अस्पताल के पास, बिलासपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

