बिलासपुर। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलाइंस एयर की फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) की लैंडिंग के दौरान अचानक एक पहिया फट गया। पहिया फटने की सूचना से विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और तत्परता से विमान को नियंत्रित कर सुरक्षित रोक लिया गया। विमान में सवार 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत सभी 41 लोग सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दरअसल, फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:55 बजे दिल्ली से बिलासपुर के लिए उड़ान भरी थी। करीब ढाई घंटे बाद विमान बिलासा एयरपोर्ट पर लैंड कर रहा था। जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, इसी दौरान विमान की बाई ओर का पहिया अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि पहिया फटने के बाद विमान कुछ दूरी तक आगे बढ़ा, लेकिन पायलट ने तत्काल स्थिति को संभाल लिया और विमान को सुरक्षित रोकने में सफल रहा।

विमान के रुकते ही एयरपोर्ट की सुरक्षा और तकनीकी टीमें सक्रिय हो गईं। सभी 37 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर को विमान से रनवे पर सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद सभी को सुरक्षित टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।
बिलासपुर से आगे की उड़ान रद्द..
घटना के बाद बिलासपुर से आगे जाने वाली एलाइंस एयर की फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। एयरपोर्ट पर सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर विमान और रनवे की स्थिति का जायजा लिया।

फिलहाल विमान का पहिया किस वजह से फटा और उसमें आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी स्तर पर जांच की जा रही है।हालाँकि सबसे बड़ी राहत यही है कि लैंडिंग के दौरान हुई इस घटना के बावजूद विमान में सवार सभी 41 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

