बिलासपुर। देशभर के खिलाड़ियों के बीच अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का दम दिखाते हुए बिलासपुर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का परचम लहराया है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित 10वीं नेशनल फ्लाइंग किक भारत मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि में बिलासपुर के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। जिले के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 12 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

ट्रायबल स्पोर्ट्स एंड कल्चर फेस्टिवल मेयर्स कप के तहत आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आठ राज्यों के करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच बिलासपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। उनकी इस सफलता ने जिले को राष्ट्रीय खेल मंच पर पहचान दिलाई और प्रदेश की उपलब्धियों में इजाफा किया।

प्रतियोगिता में मान्यता, भावेश, आदित्य कुमार, आदित्य मानिकपुरी, संजनी जोशी, आसना, वाशु जैन, खुशी कुमारी, अमन गेंडारे, देवराज, आर्यन सागर, गुलमित्र बांधी, जतिन कुमार, गौरव कुमार और शिवांश सहित खिलाड़ियों ने पदक जीतकर उपलब्धि हासिल की।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर बिलासपुर लौटे खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन पर गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धि से उत्साहित लोगों ने उनका अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान माहौल उत्साह और गर्व से भर गया।
इंटरनेशनल मास्टर गणेश सागर और फ्लाइंग किक के अध्यक्ष उमाशंकर साहू ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी इसी तरह प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

